प्रथम वैदिक सेनानी
♦️♦️♦️♦️♦️♦️♦️
पृष्ठभूमि
1500 से 1000 ईसा पूर्व
🔻
सदियों पहले इस धरती पर
कलरव खुशियों का होता था।
उगता था सूरज ज्ञान लिए-
चंद्रमा प्रेम मय होता था।
विद्वान और विदुषी रहते-
नित् वेद पाठ भी होता था।
आदर्श सभ्यता थी अपनी!
जग विश्व गुरु भी कहता था।
🔻 पदाक्रांत भारत ( 1800 ई. से 1900 ई.)
हर तरफ़ निराशा के बादल
थे नफ़रत के तूफ़ान चले-
बचपन बैठा था अंधकार में
तो नारी की क्या बात भले।
पथभ्रष्ट हुई जीवनशैली-
थी जाति पात फल फूल रही,
भारत माता के आँगन में-
अँग्रेजी तूती बोल रही।
मद्य मस्त फिरंगी से आँचल में
इक घाव नया नित होता था।
हर तरफ़ मचा था शोर कोई-
नित नित् ताण्डव सा होता था।
था पाखण्डों में धर्म फंसा-
शंकर मरघट में सोता था।
अधिकार किसानों के छीने
व्यापार महाजन से बीने-
कर लगा लगा कर नए-नए
राजाओं के दल-बल भी चीन्हे,
ख़ौफ-ज़दा हर भारतीय-
बस मन ही मन में रोता था।
🔻
हर तरफ़ मचा था शोर कोई
नित नित ताण्डव सा होता था।
♦️♦️♦️♦️♦️♦️♦️
जब पीड़ा मन की फूट पड़ी
आशा सबकी सब टूट पड़ी
तब अंधकार के आँगन से
एक ज्योति पुंज बाहर निकला-
फिर दावानल में कूद पड़ा
♦️1824 ई.-1883 ई.♦️
वो युवा ढूंढता सत्य फिरे-
उसकी थी शास्वत अभिलाषा
भूखें और भ्रष्ट विचारों को
कर दया दयानंद की आशा।
फिर मूल मूल ने जो पाया
वेदों को उसने अपनाया
आओ लौटो वेदों की ओर
वह वेद पताका लहराया।
विद्या और घोर अविद्या का
वह भेद खोलने निकला था।
आडंबर मत मतवान्तर की
वह पोल खोलने निकला था।
नारी शिक्षा पर जोर दिया
आश्रम का शुद्ध प्रयोग किया
वह बालक और विधवाओं का
निर्वैर हितेषी होता था।
अभिशाप दासता बतलाया,
वह 'स्वदेश' शब्द को भी लाया
ये प्रथम संकल्प उसका ही था
सपना 'स्वराज्य' का दिखलाया।
यथायोग्य व्यवहार करो सब,-
अक्सर ऐसा कहते थे।
कुछ ग़लत अगर दिख जाए तो-
फिर वे चुप नहीं रहते थे।
लेकर के वेद पताका को-
गुरु-आश्रम से बाहर निकले।
करना प्रचार जिस सत्य का था!
उसका प्रसार करने निकले।
♦️1865 ई. ( राजस्थान में प्रवेश )♦️
🔻
प्रथम धौलपुर में ठहरे
तोड़ना चाहते थे पहरे
किल्विस की ध्वनि में मोहित से-
थे लोग यहाँ के तब बहरे।
जब सुनी नहीं स्वामी जी की !
ऋषिवर थोड़े से क्रुद्ध हुए-
फिर मूरख कह वे निकल लिए-
लेकिन थोड़े से क्षुब्ध हुए।
वेदों का ज्ञान समझने को-
जाने मन क्यों नहीं होता था?
हर तरफ़ मचा था शोर कोई
नित नित ताण्डव सा होता था।
था पाखण्डों में धर्म फंसा!
शंकर मरघट में सोता था।
व्यथित हृदय वह सत्य पथिक
कुछ दिन में जयपुर पहुँच गए।
वहाँ शैव और वैष्णव लड़ते-
वह दोनों का मुह नोंच गए।
अचरौल के राजा पर इसका-
गहरा प्रभाव इस तरह हुआ-
मूर्ति-पूजा छोड़ी उसने और मदिरा का त्याग किया।
सफ़ल हुआ उपदेश ऋषि का-
फिर पुष्कर को कूँच किए-
शिवलिंग स्थापन का विरोध कर-
मन्दिर सेवक को ज्ञान दिए।
सत्य ज्ञान का सेवन कर के-
जन जन नतमस्तक होता था।
हर तरफ़ मचा था शोर कोई,
नित नित ताण्डव सा होता था।
था पाखण्डों में धर्म फंसा!
शंकर मरघट में सोता था।
♦️( नबम्बर 1866 - 26 अक्टूबर 1874 )♦️
🔻
अजमेर रुके जब ऋषिराज,
तब कर्नल ब्रुक से बात चली
प्रतिबंधित गौ-वध करना है!
ये बात ब्रुक को लगी भली।
पर वायसराय ही कर सकता,
सो एक पाती उसको भी लिख दी।
♦️
जयपुर आए फिर स्वामी जी
उत्तर भारत की तरफ़ चले-
प्रयाग आगरा और काशी,
लालची बालची सण्डों को-
कर्मकाण्ड पाखण्डों को-
नकली पण्डित और पण्डों को,
स्वामीजी ने तब फ़टकारा
देकर प्रमाण वेदों के सब-
उनके झूठ को ललकारा।
स्वामी जी की ललकारों में-
एहसास क्रांति का होता था।
हर तरफ़ मचा था शोर कोई,
नित नित ताण्डव सा होता था।
था पाखण्डों में धर्म फंसा-
शंकर मरघट में सोता था।
♦️( 1874 ई. से 1878 ई. बम्बई में )♦️
🔻
कलकत्ता मिर्जापुर जाकर-
वैदिक प्रकाश को फैलाया..
आग्रह किया अनुयायियों ने
बम्बई में आओ स्वामी जी-
हम भी तो भटके भूले हैं-
हमको भी राह दिखाओ जी।
तब स्वामीजी बम्बई पहुँचे-
स्थापित आर्य समाज किया।
उद्देश्य बता कर वो अपना-
फिर से धोरों में आ पहुँचे।
इस देव दूत को एक पल भी
आराम क़ुबूल न होता था।
हर तरफ़ मचा था शोर कोई,
नित नित ताण्डव सा होता था।
था पाखण्डों में धर्म फंसा-
शंकर मरघट में सोता था।
♦️( मार्च 1881 - 31 मार्च 1883 ई. )♦️
'वैदिक धर्म सभा' उनकी
जयपुर में आर्य समाज हुई।
चित्तोड़ गए फिर स्वामी जी
सज्जन सिंह जी से भेंट हुई।
धर्म और कर्तव्य परायण-
लोग वहाँ पर रहते थे।
तीरथ सा गढ़ है भारत का-
स्वामीजी भी कहते थे।
तब ही जाकर के उदयपुर-
'परोपकारिणी सभा' बनाई थी।
उपकार किया जन सेवक बन-
अपकार नहीं कोई होता था।
हर तरफ़ मचा था शोर कोई ,
नित नित ताण्डव सा होता था।
था पाखण्डों में धर्म फंसा-
शंकर मरघट में सोता था।
♦️( 31 मार्च 1883 से 30 अक्टूबर 1883 ई. सांय 6 बजे तक )♦️
🔻
सर प्रताप जोधाणा में ऋषिवर को आमंत्रित किए।
स्वागत कर उपदेश सुना-
और वैदिक संदेशा लिए।
राजन् के बारे में पूछा-
उनके बारे में पता किए।
जब पता लगा स्वामी जी को,
मोहित जसवन्त कंचना पर-
दुत्कारा उसको बतलाया -
राज धर्म भी सिखलाया।
तुम सिंह पुत्र होकर के भी
ऐसा अनर्थ क्यों करते हो।
हे राजन् थोड़ी लाज करो-
इस कुतिया पर क्यों मरते हो।
स्वामीजी के वचन सुने राजा-
पानी -पानी हो गया वहीं-
चिढ़कर कर 'नन्नी' ने भोजन में,
चाकर से ज़हर दिलाया था।
सीसा पीसा था दूध में भी-
फिर उनको वह पिलवाया था।
इस तरह उदित वह आर्य श्रेष्ठ,
अस्त हो चुका सूर्य बना।
वैदिकता की किरणें लेकिन-
संसार सदन में छोड़ गया।
♦️♦️♦️♦️♦️
इक सत्य कथन की कटुता ने,
योगी के प्राण परख डाले--
निज हत्यारे को माफ़ किया!
पर अपने प्राण ही तज डाले।
हे दयानन्द तुझको प्रणाम- मन नित नतमस्तक होता है।
हर तरफ़ मचा फिर शोर वही
फिर आज ज़रूरत आपकी है।
कब आओगे तुम ऋषिराज?
अब इंतज़ार नहीं होता है।
♦️♦️♦️♦️♦️♦️♦️
© दिव्यांशु पाठक
अध्यापन
No comments:
Post a Comment